झींझक। कंचौसी-झींझक मार्ग पर करियाझाला गांव के पास सोमवार की रात ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार की मौत के मामले में आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने झींझक-रसूलाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीण आरोपी ट्रैक्टर चालक को पकड़ने की मांगकर हंगामा करने लगे। वहीं परिजनों के शव को उठाने से इंकार करने पर सीओ, एसडीएम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के न मानने पर रात करीब 11 बजे पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम खुलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सोमवार की रात करियाझाला गांव के पास ट्रैक्टर की टक्कर से पिपरी गांव निवासी साइकिल सवार ओमप्रकाश (65) की मौत हो गई थी। आरोपी चालक ट्रैक्टर समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे ही शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिजनों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ने की मांगकर शव को उठाने से मना कर दिया। वहीं, कुछ ग्रामीण झींझक-रसूलाबाद रोड पर पहुंच गए और करियाझाला मोड़ के पास सड़क पर बेंच आदि रखकर जाम लगा दिया। जानकारी पर मंगलपुर व रसूलाबाद थाने की फोर्स व एसडीएम डेरापुर दीपाली भार्गव, सीओ डेरापुर तेजबहादुर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों से समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए ग्रामीणों को खदेड़ा। डेढ़ घंटे बाद रात करीब 11 बजे जाम खुलवाया जा सका। बाद में पुलिस के ट्रैक्टर को कब्जे में लेने की जानकारी पर परिजन रात करीब 12 बजे शव उठवाने पर राजी हुए। चौकी प्रभारी झींझक अनुराग पांडेय ने बताया कि ग्रामीण ट्रैक्टर चालक को पकड़ने की मांग को लेकर जाम लगाए थे, बाद में ट्रैक्टर कब्जे में लेने के बाद जाम खुल गया।
--------------