फतेहपुर। तेज रफ्तार ट्रक ने रविवार सुबह बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। ट्रक से कुचल कर पिता की मौत हो गई, बेटा घायल है। दुर्घटना के बाद यातायात बाधित हो गया। करीब आधे घंटे जाम लगा रहा। पुलिस के पहुंचने पर यातायात बहाल हुआ। चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला।
कानपुर के गजनेर थाना क्षेत्र के रौगांव निवासी शिव प्रसाद दुबे (65) गाजीपुर थाना क्षेत्र के सिमौर गांव में भोला शुक्ला (समधी) के घर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। शिव प्रसाद अपने बड़े बेटे पुष्पेंद्र उर्फ बबलू (40) के साथ बाइक में बैठे थे। दूसरी बाइक में छोटा बेटा भास्कर अपने बेटे प्रियांशु को बैठाए थे। तीसरी स्कूटी
में भास्कर की पत्नी अर्चना और बेटी प्रिया थीं। शहर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग हाईवे पर तीनों बाइक सवार पहुंचे। हाईवे चौराहे से शहर की ओर कट से अंदर आने लगे। मोड़ में सबसे पीछे पुष्पेंद्र की बाइक में कानपुर की तरफ जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। बाइक से उछल कर शिव प्रसाद हाईवे पर गिरे, तभी ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे में पुष्पेंद्र घायल हुए। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। हाईवे पर वाहनों के रुकने से जाम लग गया। सूचना के करीब आधे घंटे बाद आबूनगर चौकी इंचार्ज महेंद्र वर्मा पहुंचे। पुलिस ने शव को हटवाने के बाद यातायात बहाल कराया। घायल पुष्पेंद्र कानपुर के गुजैनी इलाके में परिवार संग रहते हैं। वहीं लोहा कारखाना चलाते हैं। भास्कर परिवार समेत बर्रा दो में रहते हैं। अर्चना का सिमौर गांव मायका है। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट लगाए थे। ट्रक को पकड़ लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
हादसे में पिता की मौत, बेटा घायल
कानपुर से शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे
तीन अलग-अलग बाइकों में सवार थे परिवार के लोग
अमर उजाला ब्यूरो