कानपुर की नौबस्ता पुलिस और स्वॉट टीम ने भौंती-रामादेवी हाईवे पर डीसीएम में 543 पेटी देशी शराब पकड़ी। शराब तस्करी कर हरियाणा से लखनऊ ले जाई जा रही थी। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे गैंग से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ जारी है।
नौबस्ता थाना प्रभारी समर बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर शाम करीब 5 बजे भौंती की ओर से आ रही बंद डीसीएम रोकी तो चालक ने बताया कि अंडे लदे हैं। खुलवाने पर शराब की पेटियां लदी पाई गईं। चालक ने अपनी पहचान कुंजाकर्ण, देहरादून के विकास नगर निवासी इम्तियाज बताई है।
उसने बताया कि डीसीएम अंबाला के जलपेरा रोड निवासी गौरव सिसौदिया की है। हरियाणा से प्रदीप गुर्जर ने अरुणाचल प्रदेश की हाई टाइम व्हिस्की लोड करवाई थी, जिसकी कीमत साढ़े चार लाख रुपये के आस-पास है। बोतल पर कीमत 80 रुपये लिखी है। जांच के लिए नमूने भेजे जाएंगे।
थाना प्रभारी ने बताया कि अंडे की आड़ में शराब तस्करी का खेल चल रहा था। चालक के पास मिली ट्रांसपोर्ट की बिल्टी में अंडे लदे होने का जिक्र किया गया है। सीओ गोविंदनगर आरके चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ करके गैंग के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।
लखनऊ के पेट्रोल पंप पर छोड़ देता था डीसीएम
आरोपी चालक ने बताया कि हरियाणा से शराब लेकर वह लखनऊ के टीपी नगर स्थित पेट्रोल पंप तक ले जाता था। इसके बाद पेट्रोल पंप पर चाबी लगाकर डीसीएम को छोड़ देता था। अगले दिन सुबह पहुंचने पर उसने डीसीएम खाली मिलती थी। डीसीएम से शराब कौन ले जाता था, इसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। लखनऊ के अलावा कई और प्रदेशों में भी वह शराब पहुंचा चुका है। पांच माह पूर्व एक खेप लखनऊ छोड़कर आया था।