पैसेंजर ट्रेन का इंजन खराब, यात्रियों ने किया हंगामा
दो घंटे खड़ी रही ट्रेन, गर्मी से परेशान रहे यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
उरई/आटा। कानपुर से झांसी जाने वाली पैसेंजर का इंजन बीच रास्ते में खराब हो गया। पैसेंजर ट्रेन आटा व उसर गांव स्टेशन के बीच में दो घंटे खड़ी रही। जिससे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। इसी बीच झांसी से कानपुर जाने वाली पैसेंजर को आटा स्टेशन पर रोक दिया। इसके चलते यात्रियों ने आटा स्टेशन पर हंगामा किया। इंजन खराब होने के कारण उद्योग नगरी को उरई स्टेशन पर करीब 25 मिनट रोका गया।
बता दें कि कानपुर से झांसी जाने वाली 51804 पैसेंजर 11.45 बजे कालपी स्टेशन से आगे बढ़ी, तभी 11.58 बजे उसरगांव व आटा स्टेशन के बीच में भीषण गर्मी में ट्रेन का इंजन खराब हो गया और ट्रेन आगे नहीं बढ़ी। पैसेंजर के चालक ने झांसी के कंट्रोलर को 12 बजे सूचना दी। इसी बीच कालपी में खड़े इंजन को मौके पर भेज ट्रेन को 1.40 बजे रवाना किया गया। इस दौरान दो घंटे से ज्यादा समय तक ट्रेन खड़ी रही। इस भीषण गर्मी में यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। इधर रास्ते में इंजन खराब होने के कारण झांसी से कानपुर जाने वाली पैसेंजर 51803 को आटा स्टेशन पर 12.03 से लेकर 2.05 बजे तक खड़ा रखा गया। इस भीषण गर्मी में आटा स्टेशन पर पानी न मिलने के कारण यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। कई यात्री तो ट्रेन से उतरकर बस के रास्ते अपने गंतव्य को रवाना हुए।
स्टेशन प्रबंधक पीके निरंजन ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत किया। दो ट्रेन के फंस होने के कारण लोकमान्य तिलक से प्रतापगढ़ जाने वाली उद्योग नगरी दो बजे से लेकर ढाई बजे तक आटा स्टेशन के बाहर होम सिग्नल पर आधा घंटा खड़ी रही।