रसूलाबाद (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के रिउरी गांव के पास बुधवार की सुबह तेज रफ्तार वैन ने बाइक में टक्कर मार दिया, जिससे बाइक सवार दंपति की मौत हो गई जबकि वैन पलट कर खड्ड में गिरने से उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। बाइक सवार युवक पत्नी को साथ लेकर कन्नौज से चचेरी बहन की शादी का कार्ड देने ससुराल दयालपुर ककवन जा रहा था। वहीं वैन सवार घायल हरदोई जिले के रहने वाले हैं।
बगरियापुर ठठिया कन्नौज निवासी जितेंद्र कुमार (28) पत्नी पूजा (25) को लेकर बाइक से चचेरी बहन ममता की शादी का कार्ड देने ससुराल दयालपुर ककवन जा रहा था। रिउरी गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार वैन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह दोनों छिटककर दूर जा गिरे। पुलिस उन्हें सीएचसी ले गई, वहां डा. लोकेश शर्मा ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक हेलमेट लगाए था। वहीं घटना के दौरान वैन अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी, जिससे वैन सवार माधवगंज हरदोई का चालक विजय, रमेश कुमार, अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। वह राजपुर के पिटारपुर गांव में एक शादी समारोह से शामिल होकर हरदोई लौट रहे थे। पुलिस ने तीनों को वैन से निकाल कर सीएचसी पहुंचाया। वहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद अनिल को हैलट रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि वैन चालक पर मुकदमा दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है।
वैन की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत
अमर उजाला ब्यूरो