कानपुर देहात। मतदान केंद्र पर छोटे बच्चे को लेकर वोट डालने जाने वाली महिलाओं को कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर पालना गृह बनेगा। इसके लिए सहायिकाओं व आशा की ड्यूटी लगा दी गई है। मतदान केंद्र के एक कक्ष में चटाई व गद्दा आदि डाले जाएंगे और वहां खिलौने भी रखे जाएंगे। छोटे बच्चे को लेकर आने वाली महिलाओं के बच्चे को पालना गृह में रखे जाएंगे।
29 अप्रैल को जिले के 1077 मतदान केंद्रों में वोट डाले जाएंगे। वोट का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरुकता रैली, चुनावी फिल्म आदि दिखाने के साथ कई तरह से प्रयास चल रहे हैं। जिला प्रशासन यह भी ख्याल रख रहा है कि मतदाताओं को मतदान केंद्र पर कोई असुविधा न हो। गर्मी को देखते हुए पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए हैंडपंपों की मरम्मत कराने के साथ पानी के जार रखवाने की भी कवायद चल रही है। इसके साथ ही महिलाओं का पूरा ख्याल रखा गया है। उनके लिए अलग से लाइन बनेगी वहीं अगर महिलाओं के साथ छोटे बच्चे हैं तो मतदान केंद्र में उनके लिए पालना गृह बनाया जा रहा है। सभी 1077 मतदान केंद्र में पालना गृह बनाया जाएगा और वहां आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिकाओं के साथ आशाओं को लगाया गया है। मतदान केंद्र परिसर के एक कक्ष में चटाई व गद्दा आदि डालकर बच्चों के खेलने के लिए खिलौने आदि रखे जाएंगे। छोटे बच्चे की चिंता छोड़कर महिलाएं आराम से वोट डाल सकेंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र में पालना गृह बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी समीक्षा कर ली गई है। सभी पालना गृह में सहायिकाओं व आशा की ड्यूटी लगा दी गई है। छोटा बच्चे होने पर भी महिलाओं को कोई असुविधा नहीं होगी।