चौबेपुर (कानपुर)। क्षेत्र के बरुआखुर्द गांव में मंगलवार की देर रात बिजली हाईटेंशन लाइन का तार खेत में गिरने से गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों को जब तक मामले की जानकारी हुई तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पर दमकल गाड़ी देर से पहुंचने से ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से 26 बीघा फसल जलकर राख हो गई। बुधवार सुबह तहसीलदार और अन्य राजस्व कर्मी मौके पर पहुंचे और घटना में हुई क्षति का आंकलन कर पीड़ित किसानों को सहायता का भरोसा दिया।
मालूम हो कि बरुआखुर्द गांव में मंगलवार की देररात खेतों की ऊपर से निकल एचटी विद्युत लाइन का एक तार टूटकर गेहूं की पकी फसल पर आ गिरा। तार से निकल चिंगारी के चलते फसल में आग लग गई। राहगीरों की ओर से दी गई जानकारी पर ग्रामीण जब तक खेतों पर पहुंचे, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज से बढ़ रही आग पर नियंत्रण होते न देख लोगों ने मामले की सूचना दमकल विभाग को दी। करीब डेढ़ घंटे बाद जब दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पा लिया।
घटना में गांव के अवधेश अवस्थी, गुड्डन त्रिवेदी, मुरारी लाल, वीरेंद्र, जयकिशन, राजाराम, प्रवीण मिश्रा, शिवकुमार, संजीव शुक्ल, राजारामपुर गांव के राजेश, देवी दयाल, संतोष व दरियायगंज गांव के धीरू, सरोज, रामसिंह आदि की कुल 26 बीघा फसल जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना सुबह तहसीलदार अवनीश कुमार व अन्य राजस्वकर्मी मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का आंकलन कर पीड़ित किसानों को जल्द ही मुआवजा देने का आश्वासन दिया। उधर बरुआखुर्द आग से जली फसल की जानकारी पर क्षेत्रीय विधायक भगवती प्रसाद भी गांव पहुंचे और पीड़ितों को हरसंभव मदद कर भरोसा दिया।
तारों से निकली चिंगारी, 26 बीघा गेहूं राख