अमर उजाला ब्यूरो
शिवराजपुर (कानपुर)। थाना क्षेत्र के गौरीअभयपुर गांव की एक युवती अपने दोस्त संग चली गई थी। परिजनों ने शिकायत शिवराजपुर पुलिस से की थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों को ढूंढ निकाला। रविवार को परिजनों के राजी होने के बाद थाना परिसर में ही युवक युवती की शादी रचाई गई।
पुलिस अधिकारियों की निगरानी में विवाह के बाद दोनों को हंसी खुशी घर भेजा गया। इस दौरान पुलिस अफसर-सिपाही और ग्रामीण जनाती-बराती रहे।
शिवराजपुर एसओ त्रदीप यादव ने बताया कि क्षेत्र के गौरीअभयपुर गांव निवासी प्रीती पुत्री शिव प्रकाश एक सप्ताह पहले अपने प्रेमी सुनील पुत्र गया प्रसाद निवासी गहलोटन, निवादा थाना रसूलाबाद, कानपुर देहात के संग चली गई थीं।
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शनिवार को प्रीती और सुनील को खोज निकाला। रविवार को दोनों पक्षों के लोग पुलिस थाने पहुंचे, और वाद-विवाद करने लगे। कई घंटे तक चली वार्ता के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद पुलिस थाने में ही स्टेज सजाकर प्रीती और सुनील का जयमाल डलवाकर विवाह करा दिया गया।
थाने में रचाई शादी, पुलिसकर्मी व ग्रामीण बने जनाती-बराती
- शिवराजपुर थाने में युवक-युवती का हुआ विवाह
- आरोप-प्रत्यारोप के बाद परिजनों ने शादी के लिए भरी हामी