कानपुर देहात। आर्थिक तंगी से जूझ रहे लोगों के परिवारों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने विशेष नियम लागू किया है। इसके तहत किसी भी बैंक की शाखा में जनधन योजना का खाता खोलने और किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने में खाता धारक का एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मुफ्त होता है।
इन खाता धारकों को बिना किसी शुल्क के रुपे कार्ड भी दिया जा रहा है। कार्ड धारक खाते से लेनदेन के 90 दिनों के अंदर अगर दुर्घटना का शिकार होता है तो उसके परिवार को एक लाख रुपये बीमा राशि दी जाएगी। ज्यादातर किसानों व उनके परिवार के लोगों को इस योजना की जानकारी ही नहीं है। खास बात यह है कि बीमा कराने के लिए खाता धारक को कोई प्रीमियम नहीं देना होता है। जनधन खाताधारक की सामान्य मृत्यु होने पर भी 30 हजार रुपये की मदद दी जाती है। बैंकों की ओर से इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार पर्याप्त नहीं हो पाता है। इससे खाताधारक व उनके परिवार के लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं।
एलडीएम ब्रजमोहन ने बताया कि आरबीआई के नियम के अनुसार किसी भी खाताधारक के रूपे कार्ड लेते ही उसका एक लाख रुपये का बीमा हो जाता है। रूपे कार्ड कोई भी खाताधारक ले सकता है लेकिन केसीसी व जनधन खाताधारकों के बैंक स्वत: बीमा कार्ड देता है। अन्य योजनाओं के तहत रूपे कार्ड लेने के लिए ग्राहकों को आवेदन पत्र देना होता है। ग्राहक को इससे मिलने वाले लाभ की जानकारी नहंी होती है जिससे वह रूपे कार्ड लेने में रुचि नहीं रखता है।
मुफ्त लो रुपे कार्ड, मिलेगा एक लाख का बीमा
केसीसी धारक व जनधन खाता धारकों को स्वत: जारी होता है कार्ड
अमर उजाला ब्यूरो