चौबेपुर (कानपुर)। कस्बे में जीटी रोड पर शनिवार की देररात साइकिल से घर से जा रहे फैक्ट्री कर्मी को वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के मालौं गांव निवासी अतुल तिवारी (24) पुत्र उजियारे लाल तिवारी अमिलिहा गांव स्थित एक निजी फैक्ट्री में कर्मी थे। शनिवार की देररात ड्यूटी के बाद वह साइकिल से घर लौट रहे थे। कस्बे में पिपरी रोड के समीप जीटी रोड पर किसी वाहन ने उन्हें रौंद दिया। दुर्घटना में साइकिल सवार अतुल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शिनाख्त के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।