घाटमपुर (कानपुर)। कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शोहदों ने दो युवतियों के साथ छेड़खानी की घटनाएं कीं। कोतवाली में दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पहली घटना, कस्बे के एक मोहल्ले में हुई। दो युवक अनीस अंसारी और कमल हसन मंसूरी पड़ोसी के सूने घर में घुस गए। वहां मौजूद 20 वर्षीय पुत्री को बुरी नियत से पकड़ छेड़खानी करने लगे। लड़की के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग दौड़े तो आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। पिता की तहरीर पर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना, कोतवाली की पुलिस चौकी पतारा क्षेत्र के एक गांव में हुई। पिता ने बताया कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री बीते गुरुवार की शाम खेत से चारे का गट्ठर लेकर घर लौट रही थी। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के छोटे सचान और उसके साथी निर्मल ने पकड़ लिया। सिर पर रखा चारे का गट्ठर गिराकर बुरी नियत से खींचकर बाग में ले जाने लगे। लड़की के शोर मचाने पर खेतों से घर लौट रहे क कुछ लोग उधर दौड़े और आरोपियों को ललकारा तो वह धमकी देते हुए भाग निकले। इस दौरान आरोपियों ने लड़की की पिटाई भी की। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक पीएन बाजपेई ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही आरोपी युवकों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।