अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। मैसूर की तर्ज पर शहर के चप्पे-चप्पे को साफ सुथरा रखने के लिए जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने एक एक्शन प्लान तैयार किया है। उन्होंने नगर पालिका ईओ प्रतिनिधि को प्रथम चरण में शहर के चार प्वाइंट को सौ प्रतिशत स्वच्छ करने का निर्देश दिया।
डीएम ने ईओ प्रतिनिधि विजय कुमार से कहा कि शहर के अंदर प्रवेश और बाहर जाने के रास्ते, जिला चिकित्सालय, बस स्टाप और रेलवे स्टेशन ये शहर की ऐसी जगहें हैं जो जिले के स्थिति और स्तर को बता देती हैं। लिहाजा इन स्थानों को पूरी तरह से स्वच्छ होना ही चाहिए। डीएम ने कहा उन्होंने देखा है कि यहां सड़क पर
कूड़ाघर बने हैं और कचरा फैला रहता है। इन चारों स्थानों और इनके आसपास की नालियों की सफाई भी कराई जाए। इन क्षेत्रों में प्लास्टिक पूरी तरह से बंद हो। साथ ही सफाई के दौरान वहां रह रहे स्थानीय लोगों को प्लास्टिक प्रयोग और स्वच्छता के विषय में आगाह कर दिया जाय। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि सभी अपने-अपने प्रतिष्ठान अथवा घरों के सामने कूड़ादान रखें और इनमें ही कचरा डालें। अब यदि बाहर कूड़ा या प्लास्टिक पाया गया तो जिसके घर के सामने गंदगी मिलेगी वह दंड का भागीदार होगा। इसके साथ अधिशासी अधिकारी प्रतिनिधि से कहा गया कि कूड़ा उठवाते वक्त प्लास्टिक की चीजें अलग रखीं जाएं उन्हें सामान्य कचरे के साथ ना मिलाया जाए।
मैसूर की तर्ज पर साफ-सुथरा होगा शहर
जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने एक्शन प्लान तैयार किया
पहले चरण में शहर के चार प्वाइंट को साफ रखने पर होगा काम
घर के सामने कचरा मिलने पर गृहस्वामी पर होगी कार्रवाई