दो प्रधानों के खिलाफ रिपोर्ट से रोष
संदलपुर। विकासखंड के दो प्रधानों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमों को लेकर प्रधानों में रोष है। शनिवार को प्रधान संघ की बैठक में मुकदमे वापस न लिए जाने पर आंदोलन का निर्णय लिया गया।
ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप यादव ने कहा कि चुनावी खुन्नस के चलते प्रधानों को झूठे मामलों में फंसाने की साजिश हो सकती हैं। ऐसे मामलों में पुलिस को जांच के बाद ही मुकदमे दर्ज करने चाहिए। महमूदापुर-खुर्द के प्रधान अनिल कटियार ने कहा कि सचिव की उगाही के प्रयास का विरोध करने पर उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। वहीं रेवां के प्रधान सत्यप्रकाश दुबे ने कहा कि विरोधियों ने ड्राइवर को पटाकर उनकी बोलेरो में बकरा लाद दिया और उनके खिलाफ बकरा चुराने के आरोप में मुकदमा कायम करा दिया। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि फर्जी मुकदमे वापस न लिए गए तो आंदोलन किया जाएगा। विजयपाल सिंह, दीपू सिंह, मनोज कुमार, कुंवर सिंह कुशवाहा, राधोश्याम आदि भी मौजूद रहे।