अपने हौसले, हिम्मत और जज्बे से समाज को नई दिशा दिखाने वाली, संघर्षों के दम पर लंबी लकीर खींचने वाली उत्तर प्रदेश की 15 महिलाओं को बुधवार को कैंट स्थित कानपुर क्लब में ‘अमर उजाला रूपायन अचीवर अवार्ड’ से नवाजा गया।
ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सिंग चैंपियन मैरीकॉम ने महिलाओं को अवार्ड दिए और उनके हौसले को सलाम कर इसी तरह कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।
बुधवार शाम पांच बजे सम्मान समारोह शुरू होने से काफी पहले ही कानपुर क्लब खचाखच भर गया था। शहर के गणमान्य लोगों की गौरवमयी उपस्थिति के बीच बॉक्सर मैरीकॉम, ब्रिगेडियर प्रमित सक्सेना, केंद्रीय योजना आयोग की सदस्य रहीं डॉ. सईदा हमीद, कनाडा उच्चायोग के उप उच्चायुक्त जेएस डटन, कानपुर क्लब के अतुल अग्रवाल ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद मैरीकॉम पर एक मिनट की लघु फिल्म दिखाई गई और अमर उजाला लखनऊ के संपादक इंदुशेखर पंचोली, मार्केटिंग हेड (नेशनल) सुंदर एन सहित अमर उजाला परिवार के लोगों आैर आईजी आश्ाुतोष्ा पांडेय ने उन्हें प्रतीक चिह्न देकर सम्मनित किया।
शहर के प्रमुख अफसर, उद्योगपति, डॉक्टर, वकील, स्वयंसेवी संगठनों के लोगों के उत्साह और तालियों की गूंज के बीच महिलाओं को सम्मानित करने का क्रम शुरू हुआ। सबसे पहले सभी 15 अचीवर के जीवन पर आधारित तीन-तीन मिनट की लघु फिल्म दिखाई गई। इनमें उनके संघर्ष की कहानी, उनकी उपलब्धियों को संक्षेप में बताया गया।
इसके बाद कलर्स चैनल की टीम और प्ले बैक सिंगर कुणाल गांजावाला ने प्रस्तुति दी। चैनल पार्टनर ईटीवी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया। इस कार्यक्रम के आयोजन में कानपुर क्लब का विशेष सहयोग है। सचिव अतुल अग्रवाल और उनकी पत्नी रचना अग्रवाल ने कार्यक्रम में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
रचना ने कुणाल गांजावाला को बुके देकर सम्मानित भी किया। डायरेक्टर इंटरटेनमेंट रमन भ्ाल्ला ने भी महिला सशक्तीकरण के इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
रमन का कहना है कि अमर उजाला की यह पहल शानदार है। समाज में अच्छा काम करने वाली महिलाओं को कानपुर क्लब में पहली बार सम्मानित किया है। इस तरह का कार्यक्रम आगे भी किया जाएगा।