इटावा। फेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सैफई मार्ग पर बिचपुरी क्षेडा के पास सड़क के किनारे सवारी के इंतजार में खड़ी महिलाओं को तेजी से आ रही कार ने राैंद दिया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी महिला व उसकी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में बेकाबू हुई कार एक ट्री गार्ड से टकराकर रुक गई। चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। मारपीट के बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया।
आगरा जिले के चित्राहाट थाना क्षेत्र के गांव कूकापुर निवासी 35 वर्षीय ममता देवी पत्नी संजय कुमार अपनी जेठानी राधा पत्नी धर्मेंद्र कुमार के साथ व एक साल की भतीजी नेहा के साथ अपनी रिश्तेदारी में बिजपुरी खेड़ा आई थी। शुक्रवार की दोपहर को वह अपने गांव जाने के लिए सवारी के इंतजार में सैंफई रोड पर खड़ी थी। इटावा की ओर से जा रही मारुति वैन का चालक अपना संतुलन खो बैठा। कार बेकाबू होकर सड़क के किनारे खड़ी ममता व राधा को राैंदती हुई एक ट्री गार्ड से टकराकर रुक गई। हादसे की जानकारी होने पर गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने भागने का प्रयास कर रहे चालक को पकड़ लिया।
लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर एसओ फ्रेंड्स कालोनी फहीम अख्तर मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भिजयाया। साथ ही पुलिस ने चालक को अपने कब्जे में लिया। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने सैंफई मार्ग पर जाम लगा दिया जिससे आवागमन बंद हो गया। जाम लगने की सूचना पर सीओ सिटी के अलावा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझा कर जाम खुलवा दिया। इसदौरान करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। उधर डाक्टरों ने ममता देवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि घायल राधा व नेहा को भर्ती कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नुमायश चौराहे के पास हुई जहां बाइक से जा रहे बाबू पुत्र बृजेश कुमार व गौरा देवी को तेजी से आ रही कार ने टक्कर मार दी जिससे दोनों घायल हो गए। तीसरी घटना हाइवे पर हुई जहां डम्फर ने इनोवा कार में टक्कर मार दी जिससे कार मे ंसवार अश्विनी दीक्षित पुत्र अवधेश दीक्षित व संदीप पुत्र कहैया लाल निवासी गुनौली थाना अछल्दा घायल हो गए। इसके अलावा आईटीआई के पास बाइक फिसलने से उस पर सवार रिषी कांत चतुर्वेदी पुत्र चंद्र कांत निवासी कोठी कैस्त जसवंतनगर घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
-अन्य सड़क हादसों में पांच लोग घायल