अमर उजाला ब्यूरो
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के कंधरापुर गांव में शुक्रवार रात चोेराें ने नकब लगाकर लाखाें की नकदी व जेवर पार कर लिए। घटना के समय गृह स्वामी परिवार सहित छत पर सो रहे थे। घटनास्थल पर पूरे दिन गांव वालों की भीड़ जमा रही। पुलिस व ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की पर चोरों का कोई पता नहीं चला।
कंधरापुर निवासी गृहस्वामी मनोज कटियार ने बताया कि उनके भाई अनुरोध कटियार प्रधानाध्यापक के पद पर घमैया प्राइमरी स्कूल में कार्यरत हैं। वह भी उनके साथ रहते हैं। बीती रात उनके मकान के पीछे की दीवार में चोर नकब लगाकर घर में घुस आए। सेफ का ताला तोड़कर ढाई लाख रुपया नगद, दो सोने की चेन , सोने की आठ अंगूठी, सोने का हार और चांदी की पायलें चोरी कर ले गए। वहीं उनके बक्शे का ताला तोड़कर चोराें ने उसमें रखी आठ हजार रुपये, दो जोड़ी सोने की झुमकी, पायलें आदि सामान ले गए। चोरों ने बक्शा कैलाश के खेत में फेंक दिया। चोरी का पता तब चला, जब रात के समय बिजली चली गई और मनोज उसे सही करने के नीचे आए। इस दौरान देखा कि पूरा सामान बिखरा पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में चोरी की तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि जांच की जा रही है। घटना का खुलासा अति शीघ्र कर दिया जाएगा।
राजमिस्त्री के घर से तीन लाख का सामान चोरी
नौलखा मोहल्ला निवासी राजमिस्त्री के घर से चोरों ने लाखों को माल पार कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला नौलखा निवासी राजमिस्त्री मसकूर अली शुक्रवार रात परिवार के साथ छत पर सो रहा था। रात में किसी समय चोरों ने मकान के उत्तरी दिशा में लगे दरवाजे की कुंडी को उखाड़ दिया। इसके बाद बक्सों और अटैचियों से नगदी और सोने चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। शनिवार की सुबह करीब 4 बजे मकसूर अली सो कर उठा तो उसे चोरी होेने की जानकारी हुई। चीखपुकार मचते ही आसपास मोहल्ले के लोग एकट्ठा हो गए। मकसूर अली ने बताया कि चोर उसके यहां से करीब 2.80 लाख रुपये के जेवर और 70 हजार रुपये ले गए हैं। दरोगा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना था कि आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही है। इन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रही है।
घटना के समय गृह स्वामी परिवार सहित सो रहे थे छत पर
मौके पर पहुंची पुलिस ने की जांच पड़ताल