तीमारदारों से वसूली करने वाले डाक्टर व नर्स हटे
अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। जिला अस्पताल में मरीजों के आपरेशन के नाम पर वसूली करने के मामले में शनिवार को डाक्टर व स्टाफ नर्स को स्थानांतरित कर दिया गया है। जबकि आया का वार्ड बदल दिया गया है। साथ की आगे की कार्रवाई के लिए शासन को लिखा गया है।
जिला अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों से इलाज के नाम पर वसूली की शिकायत मिलने पर डीएम ने सीएमओ डा. एके पचौरी को जांच कराने का निर्देश दिया था। इस पर सीएमओ ने जिला अस्पताल के सीएमएस डा. सीपी सिंह, डिप्टी सीएमओ डा. वीके शर्मा, डा.डीपी आर्या की कमेटी को जांच का निर्देश दिया।
शनिवार को तीन सदस्यीय कमेटी ने सीएमओ को जांच रिपोर्ट सौंपी। इसमें वसूली की शिकायत सही पाई गई। इस पर सीएमओ ने जिली अस्पताल के सर्जन डा. योगेंद्र गुप्ता, स्टाफ नर्स विमला देवी, वार्ड आया मीरा देवी के खिलाफ कार्रवाई की है। इसमें डाक्टर योगेंद्र गुप्ता, स्टाप नर्स विमला देवी को जिला अस्पताल से स्थानांतरित कर दिया गया है।
उन्हें छिबरामऊ के 100 शैया अस्पताल भेजा गया है। वार्ड आया मीरा देवी लखनऊ की अवनी परिधि संस्था से लगी हैं। इस वजह से उन्हें ओटी से हटा कर जिला अस्पताल के वार्ड तीन में लगा दिया गया है। साथ ही संस्था को पत्र भेज कर उसे हटाने के लिए लिखा गया है। सीएमओ ने बताया कि डाक्टर व स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को भी लिखा गया है। आगे की कार्रवाई शासन से की जाएगी।
- आपरेशन के नाम पर तीमारदारों से वसूली का मामला
- दोषी पाए जाने पर तीनों को हटाया