सजेती (कानपुर)। थानाक्षेत्र के रामपुर गांव में बीते शनिवार को एक युवती ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने सजेती थाने में दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पति सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव अलोना थाना पैलानी (बांदा) निवासी रामकृपाल सिंह ने बताया कि उसके दो बेटियां हैं। छोटी बेटी सुमन (27) की शादी रामपुर (सजेती) निवासी धीरेंद्र उर्फ धीरू से 29 मई 2014 को की थी। बताया कि शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। बताया कि बेटी के ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए। आरोप है कि वह बांदा का मकान और गांव की खेती नाम करने का दबाव डाल रहे थे।
रामकृपाल ने बताया कि 19 फरवरी को दामाद उसकी बेटी को गांव से लिवा ले गया। इसके बाद उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। बीते 10 मार्च को पंचायत हुई। लेकिन, धीरेंद्र और उसके घरवाले खेती और मकान नाम करने की बात पर अड़े रहे। शनिवार की शाम उसको सूचना मिली कि सुमन ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली है। थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सुमन के पिता रामकृपाल सिंह की तहरीर पर धीरेंद्र सिंह उसके भाई श्यामू सिंह, पिता विश्वनाथ सिंह और मां प्रेमलता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।