फतेहपुर। विभिन्न मांगों को लेकर जनपद के संविदा चिकित्सकों ने गुरुवार को भी धरना-प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। संघ के अध्यक्ष डा. कुमार आनंद ने कहा जब तक मांगें पूरी नहीं की जाएंगी, तब तक धरना चलता रहेगा।
चार दिनों से संविदा चिकित्सक अपनी मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर रखा है। संविदा चिकित्सकों के हड़ताल में जाने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बाधित है। स्वास्थ्य केद्रों में सेवाएं लड़खड़ा गई हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाई अभियान कार्यक्रम में शामिल होने जिला अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह को चिकित्सकों ने ज्ञापन दिया। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डा. कुमार आनंद ने बताया कि 72 हजार संविदा कर्मचारियों व दो लाख आशा बहुओं के साथ सरकार ने धोखा किया है। उन्होंने बताया कि 2005 से संविदा कर्मचारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है। पिछली बार चले धरने प्रदर्शन के बाद शासन ने आश्वासन दिया था कि सभी मांगों को लेकर उचित फैसला लिया जाएगा लेकिन अभी तक कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका है। इस मौके पर डा. केके पांडेय, डा. सुरेश राजवंशी, डा. मधु चौधरी, डा. शाबान, जावेद आलम, डा. जीशान, डा. तसलीम योगेश गुप्ता मौजूद रहे।