बिछिया। ट्रैक्टर की टक्कर से चबूतरा गिरने का विरोध करने पर दो पक्षों में विवाद के बाद डंडे, फावड़े चल गए। हमले में दो भाई घायल हो गए हैं। उन्हें बिछिया सीएचसी लाया गया। पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव दुआ निवासी टिन्ना ट्रैक्टर लेकर गांव जा रहा था। तभी रमन का चबूतरा ट्रैक्टर की टक्कर से गिर गया। रमन ने इसका विरोध किया। टिन्ना के बचाव में आए बाबी पुत्र कमलेश ने रमन पर फावड़ा से हमला कर दिया। रमन घर पहुंचा और भाई मुनार को बताया।
मुनार और रमन ग्राम प्रधान के पास शिकायत करने जा रहे थे। तभी रास्ते में बाबी ने मुनार पर चाकू से हमला कर दिया। इससे दोनों भाई घायल हो गए। सीएचसी में उपचार के बाद पीड़ितों ने चौकी में तहरीर दी। चौकी प्रभारी राजबहादुर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
- ट्रैक्टर की टक्कर से चबूतरा टूटने पर हुआ विवाद