बांदा। प्रधानमंत्री सड़क योजना से बनाई गई साढ़े पांच करोड़ की सड़क गारंटी अवधि में ही ध्वस्त हो गई। इसकी मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी पांच वर्ष तक संबंधित ठेकेदार पर है। उधर, ठेकेदार ने सड़क ध्वस्त करने के लिए ओवरलोड बालू ट्रकों को दोषी बताया है। धर्मकांटा लगाकर निर्धारित मानक के मुताबिक वजन वाले ट्रक निकलने की अनुमति देने की मांग की है।
ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (पीएमजीएसवाई यूनिट) के अधिशासी अभियंता को दिए पत्र में पंजीकृत ठेकेदार विद्या सागर तिवारी (कालूकुआं) ने कहा है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से तिंदवारी-पपरेंदा-पैलानी रोड से साड़ी होकर खप्टिहा कलां तक सड़क निर्माण उसने पिछले वर्ष फरवरी माह में कराया था।
इस सड़क को सांड़ी गांव की बालू खदान से निकल रहे ओवरलोड ट्रकों ने ध्वस्त कर दिया है। उसने सड़क पर अवरोध लगवाए तो पैलानी थाना प्रभारी ने उन्हें उखड़वाकर खप्टिहा पुलिस चौकी में रखवा दिया। सड़क के रखरखाव से हाथ खड़े करते हुए कहा है कि ट्रकों की लगातार आमदरफ्त के चलते यह संभव नहीं है। मांग की है कि सड़क पर गार्डर और धर्मकांटा लगाया जाए।