फतेहपुरचौरासी। पुलिस की गले की फांस बन चुके नेवाजी प्रकरण में पुलिस को मंगलवार को राहत मिली। महीने भर से लापता किशोरी को पकड़ लिया। किशोरी के अब मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराए जाएंगे। उसे बहला फुसलाकर ले जाने के आरोपी नेवाजी का पता नहीं चला है। मंगलवार को नेवाजी के परिजनों ने कहा कि अगर उनका बेटा लड़की के साथ गया होता तो उसे भी पुलिस पकड़ लेती।
मां ने पुलिस पर बेटे की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है। फतेहपुरचौरासी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी ने दो दिसंबर को कुशालखेड़ा निवासी नेवाजी पर नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने नेवाजी को हिरासत में ले लिया था। नेवाजी की मां शिवदेवी का आरोप था कि पुलिस ने एक माह तक उसे थाने में बैठाए रखा।
इस बीच 3 जनवरी को वह गायब हो गया। इस मामले में एसपी ने थानाध्यक्ष नारदमुनि को लाइन हाजिर कर दिया था। मंगलवार को थानाध्यक्ष अजयराज वर्मा ने बताया कि लड़की को पकड़ लिया गया है। पूछताछ जारी है। ब्यूरो