अल्लीपुर(फतेहपुर)। मजदूरी कर घर जा रहे युवक को शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक के नीचे फंसकर वह दूर तक घिसट गए। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। हादसे के बाद ग्रामीणों ने एनएच टू हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत करने के प्रयास में जुटा रहा।
मलवां थाना क्षेत्र के चितौरा गांव निवासी बुद्दू दिवाकर के बेटे राजकुमार (32) मजदूरी करते थे। शहर से शाम को साइकिल से घर लौट रहे थे। मलवां के कोराईं मोड़ के पास नए बाईपास की ओर मुड़े ट्रक ने राजकुमार को कुचल दिया। हादसा देखकर ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। एसओ नरेंद्र
प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। क्रेन बुलाकर ट्रक को हटवाया गया। ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। सूचना पर सीओ सिटी केडी मिश्रा व कई थानों का फोर्स पहुंचा। पुलिस पीड़ित परिवार को मुआवजे का आश्वासन देकर शांत करने की कोशिश की। ग्रामीण चालक को पकड़ने और डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। हाईवे पर
लंबा जाम लगने से यातायात बाधित हो गया। सैकड़ों वाहनों की कानपुर-इलाहाबाद एनएच टू हाईवे पर कतारें लग गईं। करीब दो घंटे बाद रात में यातायात को सामान्य कराया जा सका। पत्नी छेद्दी देवी शिक्षा मित्र चितौरा प्राथमिक विद्यालय पति का शव देखकर बदहवास हो गई। उनके एक बेटा है।
ट्रक से कुचल कर युवक की मौत
- एनएच टू पर ग्रामीणों ने जाम लगा हंगामा काटा
- कई थानों की पुलिस पहुंची जाम हटवाने में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो