झींझक(कानपुर)। दिल्ली-हावड़ा रूट के झींझक-अंबियापुर स्टेशन के बीच डाउन की टूटी पटरी से मालगाड़ी गुजर गई। हालांकि चालक की सूझ-बूझ से बड़ा हादसा होने से बचा। कीमैन की सूचना पर पीडब्ल्यूआई स्टाफ ने टूटी पटरी को फिशप्लेट कस कर ठीक किया, जिससे 31 मिनट तक कॉशन के बाद धीमी गति से ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
रविवार सुबह दिल्ली-हावड़ा रूट से कानपुर की तरफ जा रही डाउन की एएन 04 मालगाड़ी खम्हैला फाटक के पास गुजर रही थी। उसी समय 7 बजकर 40 मिनट पर खंभा नंबर 1077/8 व10 के बीच पटरी टूट गई। टूटी पटरी से ही मालगाड़ी धड़धड़ाती हुई निकल गई जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। वहां पर पेट्रोलिंग कर रहे कीमैन अजय वर्मन ने 7:43 मिनट पर टूटी पटरी देख स्टेशन अधीक्षक झींझक वेद प्रकाश को सूचना दी। तभी डाउन की जीएन 02 मालगाड़ी आ गई। कीमैन ने लाल झंडी दिखा ट्रेन को टूटी पटरी के पास रोक लिया। स्टेशन अधीक्षक झींझक की सूचना पर वहां पहुंचे पीडब्ल्यूआई स्टाफ ने वहां पहुंच कर टूटी पटरी को फिशप्लेट से कसकर ठीक किया। इसके बाद 8 बजकर 15 मिनट पर ट्रेनों का संचालन धीमी गति से शुरू किया जा सका। इस बीच डाउन की जीएन 53 मालगाड़ी झींझक स्टेशन के पास खड़ी रही। पीडब्ल्यूआई झींझक देवेन्द्र सिंह ने बताया की टूटी पटरी को फिशप्लेट से कसकर ठीक किया गया है। ब्लॉक मिलने पर टूटी पटरी हटाकर नई पटरी लगाई जाएगी।