भीतरगांव (कानपुर)। जवाहर नवोदय विद्यालय सरसौल में पढ़े और उसी क्षेत्र के निवासी अरविंद आनंद यादव वर्तमान में लंदन में पंजाब नेशनल बैंक (ओवरसीस) के मुख्य प्रबंधक पद पर कार्यरत हैं। इस समय वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए हैं। गुरुवार को उन्होंने विकास खंड के मथुरापुर गांव स्थित एमके इंटर कालेज में छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनको पढ़ाई और कॅरियर के क्षेत्र में उपयोगी टिप्स भी दिए।
उन्होंने कहा कि सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा कर लेना ही महत्व नहीं रखता है। बल्कि, की गई पढ़ाई से कितना ज्ञान अर्जित किया और उसका किस तरह कॅरियर और जीवन में उपयोग किया जाए, यह बात महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय सरसौल से पढ़ाई करने के बाद उनका चयन वायुसेना में हुआ, जिसमें 08 वर्षों की सेवा करने के बाद अधिकारी पद से बैंकिंग सेवा में आ गए।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ ही व्यायाम, संगीत, खेलकूद और लेखन आदि भी जरूरी है। इस मौके पर छात्रों ने उनसे कई प्रश्न भी पूछे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को भी टिप्स दिए। संस्थापक एपी यादव और निदेशक राजेश यादव ने चीफ मैनेजर का स्वागत किया।