अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। गर्भवती युवती ने शादी के सात माह बाद मायके में जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। दूसरी घटना में युवक ने पत्नी से विवाद के बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
पैलानी थाना क्षेत्र के अलोना गांव निवासी रोहन पाल की पत्नी मीरा (22) ने शुक्रवार की रात मायके तेरा-ब (अतर्रा) गांव में जहर खा लिया। हालत बिगडने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मां फुलमतिया ने बताया कि पिछले वर्ष दिसंबर माह में मीरा की शादी हुई थी। मीरा 6 माह की गर्भवती थी। 10 दिन पूर्व ही ससुराल से मायके आई थी। पति रोहन दिल्ली में काम करता है। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
दूसरी घटना में गिरवां थाना क्षेत्र के सहेवा गांव में रामसिया का पुत्र जितेंद्र कुशवाहा (30) ने शुक्रवार की रात जहरीला पदार्थ खा लिया। जिला अस्पताल से कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के बड़े भाई गणेश ने बताया कि पत्नी संतोषी से किसी बात को लेकर झगड़ा होने के बाद जितेंद्र ने आत्महत्या कर ली। वह तीन भाइयों में छोटा और स्नातक था। 6 साल पूर्व शादी हुई थी। उसके एक पुत्र व एक पुत्री है।
गर्भवती ने मायके में जहर खाकर जान दी
पत्नी से विवाद में युवक ने की आत्महत्या
पुलिस ने कराया दोनों शवों का पोस्टमार्टम