अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। नेशनल हाईवे पर इलाहाबाद जा रही महोबा डिपो की रोडवेज बस ने साइकिल सवार किसान को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में करतल पुलिस चौकी प्रभारी समेत चार बाइक सवार घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चौकी प्रभारी के अलावा अन्य बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
अतर्रा थाना क्षेत्र के सुलक थोक निवासी विचित्र पांडेय (50) पुत्र बल्देव शुक्रवार को सुबह साइकिल पर खेत से घर लौट रहा था। झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे में पावर हाउस के पास इलाहाबाद की तरफ जा रही रोडवेज बस ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही मौत हो गई। बस छोड़कर भाग रहे चालक को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के भाई बद्री प्रसाद ने बताया कि विचित्र के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। चार बीघा जमीन से घर का खर्च चलाता था।
उधर, करतल पुलिस चौकी प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा (48) शुक्रवार को सुबह बांदा पुलिस लाइन में परेड के बाद बाइक पर वापस करतल जा रहे थे। देवरार गांव के पास साइकिल सवार से भिड़ंत हो जाने पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर यूपी-100 ने जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।
कोतवाली देहात के ददरिया गांव का श्यामलाल (22) व रामलाल (20) पुत्रगण रामलखन एक ही बाइक पर गुरुवार की रात बांदा से गांव जा रहे थे। आरटीओ दफ्तर के पास से पीछे से दूसरी बाइक की टक्कर से गिरकर घायल हो गए। चित्रकूट जनपद के पहाड़ी गांव का अमित (18) पुत्र रामसुमेर बाइक पर गुरुवार की रात कुचारम (पहाड़ी) गांव बुआ के यहां जा रहा था। गांव के नजदीक ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हो गया। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। परिजनों ने बांदा जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
हाईवे पर रोडवेज बस ने किसान को रौंदा
नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस ने किसान को रौंदा
साइकिल पर खेत से लौट रहा था घर
बाइक दुर्घटना में करतल चौकी प्रभारी घायल, रेफर
तीन अन्य बाइक सवार भी सड़क दुर्घटना में घायल