आबाद होगी कांशीराम कालोनी
कांशीराम कालोनी रोहिला से मोहम्मदाबाद तक 1100 मीटर सड़क निर्माण को मिली हरी झंडी
सांसद निधि, पीडब्लूडी व डूडा विभाग कराएगा निर्माण, आज पीओ करवाएंगे नापजोख
अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। कांशीराम कालोनी रोहिला से मोहम्मदाबाद तक की जर्जर सड़क को बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है। परियोजना अधिकारी की पहल पर सांसद और पीडब्लूडी विभाग ने सड़क निर्माण के लिए हरी झंडी दे दी है। रविवार को परियोजना अधिकारी मोहम्मदाबाद में जेई के साथ सड़क की नापजोख कराएंगे । करीब 1100 मीटर सड़क का निर्माण सांसद निधि, पीडब्लूडी और डूडा विभाग की ओर से संयुक्त रुप से बनवाई जाएगी। सड़क निर्माण के बाद अरसे से वीरान पड़ी कांशीराम कालोनी आबाद हो जाएगी।
बसपा शासनकाल में मोहम्मदाबाद विकास खंड क्षेत्र के गांव रोहिला में कांशीराम कालोनी का निर्माण कराया गया था। कालोनी तक सड़क न होने के चलते लोग यहां घर बसाने से कतरा रहे है। इसी के चलते अभी तक करोड़ों की लागत से बनी कांशीराम कालोनी में अधिकतर आवास खाली पड़े हैं। कालोनी अभी तक आबाद नहीं हुई है। माहभर पूर्व परियोजना अधिकारी जय विजय सिंह ने कालोनी का निरीक्षण किया था। कालोनी तक सड़क न होने पर उन्होंने इसे बनाने की पहल शुरू की। उन्होंने पीडब्लूडी विभाग के अफसरों और सांसद मुकेश राजपूत के सामने सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव पर सांसद की मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू हुई । परियोजना अधिकारी ने बताया कि मोहम्मदाबाद से कांशीराम कालोनी रोहिला तक करीब 1100 मीटर सड़क बनेगी। 400-400 मीटर सड़क सांसद निधि व पीडब्लूडी विभाग बनवाएगा। करीब 300 मीटर सड़क का निर्माण कार्य डूडा विभाग करवाएगा। रविवार को नापजोख करवाई जाएगी।
इंसेट
रबर मोल्ड इंटरलाकिंग से बनेंगी सड़कें
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) से बनने वाली सड़कों को रबर मोल्ड इंटरलाकिंग से बनवाने के निर्देश परियोजना अधिकारी जय विजय सिंह ने ठेकेदारों को दिए हैं। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो ठेकेदार मोल्ड इंटरलाकिंग नहीं करवाएगा, उसका भुगतान रोक दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विकास भवन चौराहा से कलक्ट्रेट तक सड़क के दोनों ओर करीब 600 मीटर फुटपाथ डूडा की ओर से बनवाया जा रहा है। इसमें रबर मोल्ड इंटरलाकिंग का काम हो रहा है।