अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। जिले में स्वाइन फ्लू व डेंगू का कहर जारी है। शुक्रवार को शहर के पीतांबर नगर में रहने वाली एक चार साल की बच्ची समेत दो में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। जबकि एक युवक व वृद्ध डेंगू की चपेट में आ गया। स्वाइन फ्लू व डेंगू की पुष्टि के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीड़ितों के घर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
शहर के मोहल्ला पीतांबर नगर में रहने वाले आशीष कुमार की 4 वर्षीय बेटी शालिनी की तबियत बिगड़ गई थी। परिजनों ने पहले तो शहर में उसका इलाज कराया। फायदा न होने पर वह उसे लखनऊ ले गए। जहां जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसी तरह नवाबगंज कसबे में रहने वाली नूरतारा (52) पत्नी शकील भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गई। नूरतारा मूलरूप से बिहार राज्य के सीवान की रहने वाली है। शालिनी व नूरतारा में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद जिला संक्रामक रोग विभाग के नोडल अधिकारी डा. आर एस मिश्रा, रवी यादव टीम के साथ पीड़ितो के घर पहुंचे। यहां मरीजों के संपर्क में रहने वाले लोगों को टेमीफ्लू की दवाएं दी गई। इसी तरह
बांगरमऊ में रहने वाला विकास (22) पुत्र श्यामसुंदर व शुक्लागंज के मोहल्ला ऋषीनगर में रहने वाले जगदीश पांडेय (55) डेंगू की चपेट में आ गए। संक्रामक रोग विभाग के नोडल अधिकारी डॉ आरएस मिश्रा ने बताया कि बांगरमऊ में जिस युवक को डेंगू हुआ है उसे छोड़कर अन्य मरीजों के घर पर दवा का छिड़काव करने के साथ ही दवाएं बांट दी गई हैं।
गंजमुरादाबाद। अटवाबैक में डेंगू से किशोर की मौत व एक अन्य किशोर में संभावित लक्षण मिलने के बाद भी अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनके पास छिड़काव के लिए न दवा है और न संसाधन। विकासखंड के ग्राम अटवाबैक में बीते रविवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में डेंगू से सतीश कुमार पुत्र सियाराम की मौत हो गई थी। वहीं गांव के ही सलीम का पुत्र साहिल में भी डेंगू के संभावित लक्षण मिले थे। एक किशोर की मौत व दूसरे में संभावित लक्षण मिलने पर ग्रामीणों ने गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने की मांग की थी। लेकिन अब तक यहां कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ संजीव वर्मा ने बताया कि उनके पास छिड़काव की न ही कोई व्यवस्था है और न ही दवा उपलब्ध है।
दो में स्वाइन फ्लू व दो में डेंगू की पुष्टि
शहर में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 4 साल की बच्ची आई चपेट में
स्वाइन फ्लू व डेंगू के बढ़ते मरीजों की संख्या पर स्वास्थ्य विभाग परेशान