अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात मानक से कई अधिक मवेशी लादे एक ट्रक को पकड़ा। ट्रक में 18 मवेशियों को भूसे की तरह लादा गया था। चौकी पुलिस ने एक ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मवेशियों की एक पूर्व सभासद के माध्यम से सुुपुर्दगी दिखा दी। हालांकि मवेशियों को किस गांव के लोगों को दिए गए चौकी इंचार्ज नहीं बता पाए। उनका कहना है दो अन्य ट्रकों को एक कार में टक्कर मारने के कारण रोका गया था। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
स्लाटर हाउस में मवेशी सप्लाई करने वाले आगरा के एक व्यापारी के ट्रक बुधवार को मवेशी लेकर एक स्लाटर हाउस जा रहे थे। एक ट्रक में मानक से अधिक जानवर मिलने पर बलिया जिले के बहेरी निवासी ट्रक चालक काजू पुत्र रहीमउल्ला के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। दही पुलिस चौकी इंचार्ज शिवनाथ यादव ने बताया कि पकड़े गए ट्रक में 18 मवेशी मिले थे।
बताया कि सभी भैंस थीं। मवेशी लेकर जा रहा ट्रक चालक जानवरों का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, परिवहन प्रमाणपत्र व अन्य प्रपत्र नहीं दिखा पाया। बताया कि इन जानवरों को पूर्व सभासद के माध्यम से अलग-अलग गांवों में रहने वाले 18 लोगों के सुुपुर्द किया गया है। हालांकि चर्चा है कि चौकी पुलिस ने तीन ट्रकों को रोका था। ट्रक पकड़े जाते ही मवेशी सप्लायरों का सिंडीकेट सक्रिय हुआ और रातों रात खेल हो गया। वहीं चौकी इंचार्ज शिवनाथ यादव का कहना है कि दो ट्रकों को एक कार में टक्कर मारने के आरोप में रोका गया थ बाद में छोड़ दिया गया।
रिपोर्ट दर्ज, सुबह होते ही पुलिस ने पूरी कर सुपुर्दगी की औपचारिकता
चौकी इंचार्ज बोले एक्सीडेंट करने पर दो को रोका था, बाद में छोड़ा