कोतवाली में ठगी की शिकायत करने पहुंची महिलाएं
यूपी के उन्नाव जिले में सदर कोतवाली के जवाहरखेड़ा में एक साल में रुपये दोगुना करने का झांसा देकर 135 महिलाओं से लगभग 24 लाख रुपये की ठगी की गई। रुपये न मिलने पर महिलाओं ने शनिवार को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं का आरोप है कि रुपये जमा कराने वाली महिला और उसका पति लापता हैं। पुलिस ने जांच करने की बात कही है।
सदर कोतवाली के जवाहरखेड़ा निवासी रामदुलारी, रिंकी, रुखसाना, उर्मिला ने बताया कि एक वर्ष पूर्व सिंगरौसी निवासी महिला ने एक साल में रुपये दोगुना करने का झांसा दिया था। महिला ने क्षेत्र के 135 महिलाओं से 18-18 हजार रुपये जमा कराए। रुपये जमा कराने वाली महिला ने तीन अलग अलग कंपनियों में रुपये जमा करने व एक साल में दोगुने रुपये देने का वादा किया था।
एक साल पूरा होने के बाद उन लोगों ने रुपये मांगे तो कुछ दिनों तक टालमटोल करने के बाद महिला और उसका पति चोरी छिपे भाग गए। पीड़ित महिलाओं ने शनिवार को कोतवाली पहुंच ठगी की शिकायत की। सदर कोतवाली प्रभारी अरुण द्विवेदी ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी महिला की पहचान कर जांच की जा रही है।