महोबा। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर बदमाशों ने एक घर में और एक दुकान में ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली और फरार हो गए। दुकान की चोरी करते समय घर के लोगों के जाग जाने पर चोरों को खदेड़ दिया। जिससे डर के कारण एक चोर बैग छोड़कर भाग खड़ा हुआ। जिसमें आधार कार्ड, एक चाकू पड़ा था। पुलिस ने बैग कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना श्रीनगर के ग्राम ननौरा में गुरुवार की रात को बदमाशों ने रामाधीन साहू के मकान में पीछे से दीवार से घर के अंदर घुसे। दूसरे मंजिल पर तीन कमरों पर सो रहे परिजनों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी। एक कमरे की कुंडी लगाना चोर भूल गए। इसके बाद चोर सबसे नीचे मकान के अंदर से किराना की दुकान में घुसे। जहां पर बदमाशों ने दुकान से नगदी समेत लाखों रुपये की सामग्री चोरी कर ली।
इसी बीच एक कमरे की कुंडी लगी न होने कारण परिजन खट-खट की सुनकर जाग और बदमाशों को दौड़ा लिया। जिससे एक बदमाश बैग छोड़कर भाग गया। उसमें पैसे नहीं थे लेकिन आधार कार्ड पड़ा था। थानाध्यक्ष श्रीनगर राकेश सरोज का कहना है कि तहरीर मिल गई है। चार लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
पनवाड़ी प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के डाक बंगला निवासी कुंवर लाल कुशवाहा ठेलिया सब्जी लगाकर बेचता है। गुरुवार की रात को वह घर पर परिवार के साथ सो रहा था। तभी बदमाशों ने छत में चढ़कर आंगन में प्रवेश किया। आंगन से कमरों में घुसे जहां पर सभी लोग सो रहे थे। बदमाशों ने कपड़ों में पड़े 8000 रुपये और चार मोबाइल पार कर दिए।