बांदा। तापमान के एक ही पैमाने पर टिके रहने से मंगलवार को भी ठंड से राहत नहीं मिली। न्यूनतम पारा 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। उधर, अधिकतम पारा 18.5 डिग्री रहा। जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा।
केंद्रीय जल आयोग के स्थानीय मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-दक्षिण से तीन किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हवाओं से ठिठुरन बरकरार रही। उधर, ठंड से युवक समेत तीन लोग बीमार हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें शहर के बंगालीपुरा निवासी राज (20) पुत्र हीरालाल, देवरथा (बबेरू) गांव निवासी सियादुलारी (65) पत्नी गया प्रसाद व गोखरही (तिंदवारी) गांव की रामप्यारी (70) पत्नी शिवप्रसाद शामिल हैं। ब्यूरो