उन्नाव। केंद्र सरकार की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना पहले चरण में जिले के आठ ब्लाकों में शुरू की जाएगी। इसके तहत 21 से 26 जनवरी के बीच प्रभातफेरी व रैली निकाली जाएगी। साथ ही घर-घर जाकर लोगों को योजना के बारे में बताया जाएगा।
प्रथम चरण में सफ ीपुर, फ तेहपुर-84, बांगरमऊ, गंजमुरादाबाद, मियागंज, हसनगंज, औरास एवं सिकंदरपुर सरोसी में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का क्रियान्वयन कराया जाना है। कलक्ट्रेट में हुई बैठक में सीडीओ प्रेमरंजन सिंह ने बताया कि 21 जनवरी को डोर-टू-डोर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा जनसंपर्क करेंगी। घरों, सार्वजनिक स्थानों, पंचायतघरों आदि में स्टीकर चिपकाने और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के संबंध में जानकारी प्रदान करेंगी।
22 जनवरी को जिला, ब्लाक व ग्राम पंचायतस्तर पर शासकीय/ निजी स्कूलों के बच्चों की प्रभातफेरी एवं रैली आयोजित कर स्वयं की रक्षा, गुड टच व बैड टच, कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रदान की जाएगी। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ शपथ ग्रहण कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान, स्वास्थ्य व पोषण के संबंध में चर्चा की जाएगी। स्कूली बच्चों से निबंध, पोस्टर, स्लोगन, पेंटिंग प्रतियोगिता आदि का आयोजन करने के लिए बीएसए व डीआईओएस को नामित किया गया है।
23 जनवरी को बच्चियों का जन्मदिन कार्यक्रम मनाया जाएगा। बच्चियों के नामकरण से पौधरोपण कराने के लिए भी डीपीओ को नामित किया गया है। 24 जनवरी को कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी को नामित किया गया है।
25 जनवरी को नुक्कड़ नाटक किया जाएगा। 26 जनवरी को होने वाले निर्धारित कार्यक्रम योजना के संबंध में मीडिया से वार्ता, जनपद में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, बालिकाओं के लिए कॅरियर एवं भविष्य के अवसर के संबंध में चर्चा के साथ समापन होगा।
-21 से 26 जनवरी के बीच होगा कार्यक्रमों का आयोजन
-प्रभातफेरी व रैली निकालकर किया जाएगा जागरूक