कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली के पचगवां गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर को बारा चौकी पुलिस ने ओवर ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक चाकू बरामद की है। उस पर डकैती आदि के नौ मुकदमे दर्ज हैं।
बारा चौकी इंचार्ज रामजी दुबे ने बताया कि पचगवां गांव के रहने वाले राकेश राजपूत को देर रात गश्त के दौरान हाईवे पर बारा ओवर ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास एक चाकू बरामद हुआ है। वह किसी वारदात की फिराक पर हाईवे किनारे खड़ा था। उन्होंने बताया कि उस पर रनियां औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में डकैती डालने के तीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके साथ ही जानलेवा हमला, मारपीट, शस्त्र अधिनियम व चोरी आदि के नौ मामले अकबरपुर कोतवाली में दर्ज हैं। बाइक चोरी की घटना में वह 2017 से फरार चल रहा था। अदालत ने उसका वारंट जारी कर दिया था। फरारी हालत में वह आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोल रखी है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पकड़े गए शातिर के पास चाकू मिलने पर उसके विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।