नपा कर्मचारियों ने अतिक्रमण हटवाया
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। शहर के सुंदरीकरण व सड़कों के चौड़ीकरण योजना में मंगलवार को नगर पालिका कर्मचारियों ने पुरानी बाजार के सीएमओ कार्यालय परिसर से लेकर भैरों पागा मार्ग किनारे रखी दुकानों को हटवाया। चौराहे के एक तरफ रखे विद्युत ट्रांसफार्मर को भी अन्य जगह शिफ्ट किया जाएगा। जिससे चौराहे पर होनी वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
पुरानी कोतवाली के सामने सीएमओ कार्यालय के बाहर चौराहे के किनारे पर रखा हाईटेंशन विद्युत लाइन के ट्रंासफार्मर को हटाकर दूसरी जगह लगाने के लिए ईओ नरेंद्र मोहन मिश्रा व जेई सुरेंद्र मिश्रा ने कर्मचारियों के साथ पहुंचकर किनारे अस्थाई दुकानों को हटवाया। बताया कि फुटपाथ का भी चौड़ीकरण होना है। ईओ ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता ट्रांसफार्मर शिफ्ट कराना है। इसके कारण इस चौराहे पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं और जगह भी कम दिखती है।
नहीं बन पा रही नाली सड़क
चित्रकूट। शहर के शंकर बाजार ओवरब्रिज के नीचे एक तरफ की सड़क बन गई लेकिन दूसरी तरफ की सड़क व नाली का निर्माण अधूरा है। डीएम के निर्देश के बाद अतिक्रमण हटाकर निर्माण कराने का प्रस्ताव आया लेकिन अभी तक इसमें काम शुरू नहीं हो पाया है। जिससे स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है। मंगलवार को कुछ दुकानदारों ने फिर नगर पालिका ईओ से अधूरी नाली व सड़क बनवाने की मांग की है। जिस पर ईओ नरेंद्र मोहन मिश्रा ने कहा कि जल्द ही इस पर काम शुरू होगा अभी अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दी गई है।