घाटमपुर (कानपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने कस्बे के एक रेडीमेड होजरी संचालक और उसके भाई के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परास गांव पंचायत क्षेत्र की निवासी महिला ने बताया कि उसने चंद्रा टाकीज रोड मार्केट (घाटमपुर) में रेडीमेड होजरी नामक दुकान से बच्चों के कपड़े खरीदे थे। बच्चों की नाप में छोटे पड़ गए। कपड़ों को लेकर वह दोबारा दुकान में वापस करने पहुंची। दुकानदार ने खरीदे गए कपड़े वापस लेने से इंकार कर दिया। तभी महिला और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। महिला का आरोप है कि दुकानदार स्वयंप्रकाश ओमर और उसके भाई ज्ञानप्रकाश ओमर ने छेड़खानी करने के साथ मारपीट की। जिससे उसे चोट आई। बताया कि दुकानदार के साथ कस्बे के ही गांधीनगर निवासी गिरजाशंकर ने भी उसके साथ मारपीट की। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक पीएन बाजपेई ने बताया कि महिला की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि मामले की जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। बताया कि प्रथमदृष्ट्रा मामला महिला द्वारा खरीदे गए कपड़े दुकानदार द्वारा वापस न करने को लेकर हुए विवाद का है।