संदलपुर (कानपुर देहात)। ब्लाक सभागार में शुक्रवार को परियोजना निदेशक ने रोजगार सेवकों की बैठक की। उन्हें तीन दिन में शौचालयों का सत्यापन कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। साथ ही रिपोर्ट भेजने में लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ब्लाक की 57 ग्राम पंचायतों में शौचालय का निर्माण कराया गया है। इन शौचालयों का सत्यापन होना है। इसके लिए पीडी शिवशंकर पांडेय ने रोजगार सेवकों के साथ बैठक की, और तीन दिन में सत्यापन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष धनंजय यादव ने कहा कि एसडीएम सिकंदरा ने रोजगार सेवकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण में लगा रखा है। ऐसे में रोजगार सेवक 3 दिन के अंदर शौचालय का सत्यापन कर जांच आख्या कैसे दे सकेंगे।
परियोजना निदेशक ने कहा कि मतदाता सूची पुननिरीक्षण का कार्य जरूरी है लेकिन उसके अलावा समय निकाल कर शौचालय के सत्यापन का कार्य भी पूरा करना है। बैठक में रोजगार सेवक राज नारायण बघेल ने कहा कि रोजगार सेवकों को दो वर्षों से मानदेय नहीं मिला है। परियोजना निदेशक ने जल्द ही मानदेय भुगतान कराने का भरोसा दिया। इस दौरान प्रभारी खंड विकास अधिकारी अवधेश कुमार बाजपेई, एडीओ पंचायत राकेश दीक्षित, रोजगार सेवक लालजीत, संतोष कुमार, अमित नायक, रजिया बेगम आदि मौजूद रहे।