जमीन के कब्जे के विरोध में महिलाओं का अनशन
अमर उजाला ब्यूरो
खड़िनी। जमीन पर कब्जे के विरोध में महिलाओं ने अनशन शुरू कर दिया। सूचना के बाद भी मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। महिलाओं ने जमीन को कब्जा मुक्त कराए जाने की मांग की है।
हसेरन जाने वाले मार्ग पर चौराहा से करीब 500 मीटर की दूरी पर जमीन है। इस पर एक पक्ष ने जेसीबी चलवाकर सफाई कराई तो दूसरे पक्ष ने विरोध शुरू कर दिया। इससे आक्रोशित दूसरे पक्ष की महिलाओं ने खेत में ही अनशन शुरू कर दिया। अनशन पर बैठी सरला पत्नी मुकेश, शीला पत्नी नरेशचंद्र, मुन्नीदेवी पत्नी सुरेशचंद्र, पिंकी पत्नी प्रमोद कुमार, शिखा पुत्री सुरेशचंद्र, मोहिनी पुत्री प्रवेंद्र ने बताया कि दबंगों ने भूमि पर कब्जा किया है। इसकी सूचना सौरिख थाना में दी गई, लेकिन अभी तक पुलिस या प्रशासन ने कोई मदद नहीं की। इन महिलाओं ने चेतावनी दी कि जब तक जमीन को कब्जामुक्त नहीं कराया जाएगा, तब तक वे अनशन समाप्त नहीं करेंगी। इस संबंध में एसडीएम मंशाराम वर्मा ने बताया कि लेखपाल व कानूनगो को भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है।