अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। किसानों को कर्जमाफी का लिखित प्रमाण मिल ही गया। शुक्रवार को शहर के आईटीआई मैदान में ऋणमोचन प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में मुख्य अतिथि व जिले के प्रभारी मंत्री सत्यदेव पचौरी ने दस किसानों को प्रमाणपत्र दिया। इस मौके पर कहा कि जब किसान बढ़ेगा तभी गांव बढ़ेगा और गांव बढ़ा तो जिला भी बढ़ेगा।
कहा कि प्रदेश सरकार ने लघु, सीमांत किसानों का कर्ज माफ कर सराहनीय कार्य किया है। देश के किसी भी प्रदेश सरकार में आज तक ऐसा नहीं हुआ है। हमारी सरकार किसान के हित में हर दिन नया अविष्कार कर रही है।
इससे पहले प्रभारी जिला मंत्री ने पंडित दीनदयाल के चित्र में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 5000 लघु सीमांत किसानों को कर्जमाफी का प्रमाणपत्र दिया गया। शुरुआत में इलाहाबाद से पंजीकृत सांस्कृतिक दल ने स्वच्छता, बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
किसान प्रमाण पत्र पाकर खुशी से झूम उठे। बिंदकी विधायक करण सिंह पटेल, सदर विधायक विक्रम सिंह, कृषि राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, कारागार राज्यमंत्री जयकुमार जैकी, शिक्षक विधायक प्रतिनिधि शैलेंद्र शरन सिंपल, ज्ञानेंद्र सचान उर्फ ज्ञानू, उप कृषि निदेशक जीसी कटियार, सदर एसडीएम प्रेमप्रकाश तिवारी, खागा एसडीएम अमित भट्ट, बिंदकी एसडीएम सत्यप्रकाश, पीडी अशोक कुमार निगम भी मौजूद रहे।
बहनों को मिला अधिकार- विक्रम
सदर विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि चुनाव प्रचार में फतेहपुर में पीएम नरेंद्र मोदी ने तीन वादे किए थे। किसानों का लोन माफ करना, बहनों को अधिकार दिलाना व कब्रिस्तान और श्मसान। सरकार ने एंटी रोमियो स्क्वायड टीम गठित कर माताओं, बहनों को जीने की खुली आजादी दी है। प्रदेश सरकार ने बहनों को निडर होकर सुरक्षित रखने का काम किया है।
उद्योग मानकर करें खेती : रणवेंद्र प्रताप
कृषि राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनते ही सरकारी व सरकार के पैदा किए गुंडा खत्म हो गए हैं। भू माफिया को चिह्नित कर मुकदमा दर्ज कराया गया। किसानों की आमदनी दोगुना करने के लिए सरकार ने गोपालक योजना चलाई है। गाय का पालन कर गोबर और मूत्र से जैविक खाद बना सकेंगे। फसल तैयार करने में डीएपी, यूरिया का छिड़काव नहीं करना पड़ेगा और फसल का भी उत्पादन बढ़ेगा। ऐसे में कम लागत पर किसानों की आय दोगुना हो जाएगी। किसान खेती को पेट पालने के लिए न करें। उसको उद्योग समझ कर करें।
स्टेज तक पहुंचा किसान
ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में बिंदकी तहसील का किसान प्रभारी मंत्री से मिलने स्टेज पर चढ़ गया। सदर विधायक विक्रम सिंह व खागा विधायक कृष्णा पासवान ने उसे रोक लिया। समझा कर वापस किया। महाखेड़ा निवासी किसान धरमवीर सिंह ने बताया कि गांव में घुमंतू पशुओं का आतंक है। गाय, बछड़े की बिक्री नहीं हो रही है। पशुपालक इनको आजाद कर दिए हैं। अब इनका झुंड बन गया है। जिस खेत में घुसते हैं। उसको चट कर देते हैं।