अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर/ उन्नाव। अवैध खनन सिंडीकेट पर सीबीआई का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। काली कमाई के इस खेल में हमीरपुर, कानपुर और कबरई के बाद उन्नाव के खनन माफिया भी सीबीआई के निशाने पर आ गए है। हमीरपुर में करीब आधा दर्जन मौरंग खनन पट्टों में शामिल रहे उन्नाव के सपा के एक पूर्व विधायक को सीबीआई ने गुरुवार को दिल्ली तलब किया। गुरुवार सुबह पूर्व विधायक साथ दिल्ली के लिए रवाना भी हो गए। वहीं सीबीआई ने उन्नाव में भू वैज्ञानिक रहे अधिकारी को भी तलब किया है।
अवैध खनन मामले में सप्ताह भर पूर्व सीबीआई ने कानपुर के एक एमएलसी, हरदोई और कबरई के कुछ बड़े ट्रांसपोर्टर व खनन माफियाओं को रडार पर लिया। जिससे अवैध खनन की काली कमाई की परत खुलने लगी। इस दौरान खनन सिंडीकेट के तार उन्नाव से भी जुड़े होने की सूचना मिली है। इसमें तीन नेता व
मौरंग के छह बड़े कारोबारियों की भूमिका सामने आई। सीबीआई की जांच में उन्नाव के सपा के एक पूर्व विधायक का हमीरपुर की पत्योरा खदान में रिश्तेदार के संग साझेदारी का खुलासा हुआ। इस पर सीबीआई ने हमीरपुर के खनन कारोबारी व पूर्व विधायक को दिल्ली तलब किया। पूर्व विधायक गुरुवार सुबह तीन अन्य लोगों के साथ आगरा एक्सप्रेस-वे के रास्ते दिल्ली चले गए। देर शाम तक वह उन्नाव वापस नहीं आए थे। विभागीय सूत्रों का दावा है कि एक माननीय और दो बड़े मौरंग कारोबारी सीबीआई के निशाने पर हैं। किसी भी दिन कार्रवाई हो सकती है।
खनन के खेल में पूर्व विधायक से पड़ताल
हमीरपुर में मौरंग के आधा दर्जन पट्टे में साझीदार रहे उन्नाव के पूर्व विधायक
सीबीआई ने पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया, देर शाम तक नहीं हुई वापसी