कानपुर। कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यार्थियों को स्कूल बैग उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में नई व्यवस्था लागू की है। इसमें परिषदीय विद्यालयों के साथ मदरसों, समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित और सहायता प्राप्त विद्यालयों को भी शामिल किया गया है। बैग खरीदने के लिए 175 रुपये प्रति छात्र की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के खातों में भेजी जाएगी।
जिले में 1706 परिषदीय विद्यालय, 22 मदरसे और समाज कल्याण विभाग के 13 विद्यालय इस योजना के दायरे में आए हैं। पहले जहां करीब 1.21 लाख विद्यार्थी लाभान्वित होते थे वहीं इस वर्ष लगभग 10 हजार नए छात्रों के जुड़ने से संख्या बढ़कर 1.30 लाख हो गई है। इसके लिए कुल दो करोड़ 27 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि भेजी जाएगी। पहली बार मदरसों और समाज कल्याण विद्यालयों को शामिल करने से योजना का दायरा बढ़ा है।