फर्रुखाबाद। नगर पालिका कार्यालय के स्टोर रूम का जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कंडम वाहनों और अन्य कबाड़ की नीलामी करवाई जाए। उन्होंने वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए भी कहा।
जिलाधिकारी मोनिका रानी शुक्रवार को पालिका के स्टोर रूम में पहुंची। स्टोर रूम में कंडम वाहनों को देख उन्होंने स्टोर रूम प्रभारी महेशबाबू को निर्देश दिए कि इनकी नीलामी करवाएं। नगर पालिका के वाहनों के रजिस्ट्रेशन कराने के भी निर्देश दिए। जलकल विभाग कार्यालय के पास भारी संख्या में कबाड़ पड़े कूड़ेदान और पानी टंकी के अंदर काफी कबाड़ भरा देख जेई मुकेश जायसवाल से कहा कि कबाड़ वाहनों की सूची तैयार करके उसकी जल्द से जल्द नीलामी करवाई जाए।
डीएम ने कहा कि जहां-जहां नगर पालिका की जमीनें पड़ी हैं। उन्हें चिह्नित कर बाउंड्रीवाल कराएं। इसके साथ ही टाउनहाल पर निराश्रित गो वंशों के लिए ट्रांजिस्ट हॉस्टल बनाए जाने को कहा। डीएम के जाने के बाद स्टोर रूम प्रभारी ने कंडम वाहनों का चिह्नांकन शुरू कराया। डीएम के जाने के बाद यात्री कर अधिकारी वीके आनंद, पालिका स्टोर रूम पहुंचे और स्टोर इंचार्ज महेशबाबू से वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए फाइल बनाकर देने को कहा। यात्री कर अधिकारी ने बताया कि पालिका के वाहनों के रजिस्ट्रेशन की बात करीब एक साल से चल रही है लेकिन पालिका वाहनों की फाइल और रजिस्ट्रेशन शुल्क नहीं जमा कर पा रही है।