कानपुर देहात। सपा शासनकाल से सीएचसी निर्माण की जगह चयन को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो चुका है। जगह का निर्धारण जुगराजपुर शिवली ग्राम सभा में किया गया है। 29 अक्तूबर को प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सीएचसी निर्माण के नींव की ईंट रखेंगे। शनिवार को सांसद ने इस बाबत पत्रकारों से वार्ता कर विस्तार से जानकारी दी।
अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने अकबरपुर के एक होटल में पत्रकार वार्ता कर बताया कि जुगराजपुर शिवली ग्राम सभा में सीएचसी निर्माण के लिए प्रयास करके स्वीकृति दिलाई थी। तब प्रदेश में सपा सरकार थी। कुछ लोगों ने सीएचसी निर्माण के स्थान का परिर्वतन कराकर मरहमताबाद गांव करा दिया। वहां जगह की पैमाइश भी हो गई। इसी बीच विधान सभा चुनाव की आचार संहिता लग गई तो उन्होंने निर्वाचन आयोग से शिकायत कर उसके निर्माण की प्रक्रिया रुकवाई। इसके बाद प्रदेश में भी भाजपा सरकार बन गई। अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाने के मकसद से फिर सीएचसी के निर्माण का स्थान परिवर्तन कराया। मरहताबाद में जगह निर्धारण कर भेजे गए प्रस्ताव को कैंसिल कराकर अब जुगराजपुर शिवली ग्राम सभा में जगह का चिह्नांकन कर लिया गया है। रूरा-शिवली मार्ग पर लगभग पांच करोड़ की लागत से बनने वाली इस सीएचसी का निर्माण पूरा होने से दर्जनों गांवों के लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया गहलौं से पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का गहरा संबंध रहा है। सीएचसी भी गहलौं के निकट बन रही है जिससे उसका नाम अटल बिहारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रखा जाएगा। कहा कि 29 अक्तूबर को प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सिद्धार्थ सिंह सीएचसी का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद तेजी से इसका निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष राहुल देव अग्निहोत्री, रवि शुक्ला, प्रदीप मिश्रा, विद्यासागर त्रिपाठी, विपिन शर्मा आदि मौजूद रहे।