अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। बंद क्रासिंग पर रेलवे लाइन पार करते समय महिला चंबल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। उसके दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां से कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना में खड़े ट्रक से टकराकर लोडर चालक घायल हो गया।
सोमवार दोपहर शहर के क्योटरा रेलवे क्रासिंग को चंबल एक्सप्रेस ट्रेन गुजारने के लिए बंद किया गया था। इसी दौरान क्योटरा मोहल्ले की पूजा (45) पत्नी वीरेंद्र बाजार से घर लौट रही थी। बंद क्रासिंग पर वह रेलवे पटरी पार कर रही थी।
इसी दौरान झांसी की तरफ से चंबल एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। पूजा पटरी से भाग नहीं पाई। ट्रेन की चपेट में आ गई। उसके दोनों पैर कट गए। सूचना पर 108 एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डॉ. विनीत सचान ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना में कोतवाली देहात क्षेत्र के जारी गांव निवासी पप्पू (25) पुत्र कामता प्रसाद रविवार की रात लोडर लेकर गल्ला मंडी से वापस गांव जा रहा था। मंडी के नजदीक खड़े ट्रक से लोडर टकरा जाने पर घायल हो गया। उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। वह सीट बेल्ट नहीं लगाए था। पुलिस की सूचना पर एंबुलेंस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।