बिल्हौर। जिलाधिकारी कानपुर नगर सुरेंद्र सिंह ने मई माह में संपूर्ण समाधान दिवस पर आई शिकायत के बाद तहसील भवन के पास स्थित बचकड़ा तालाब को एक सप्ताह में भरवाने के आदेश एसडीएम और बीडीओ बिल्हौर को दिए थे। शिकायतकर्ता की ओर से कार्यालय में जाकर कई बार गुहार लगाने पर पर भी बचकड़ा तालाब में पानी भरना तो दूर नाली की सफाई तक शुरू नहीं हो सकी है। इससे शिकायतकर्ता और उसके साथियों में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है।
कस्बे के प्रमुख बचकड़ा तालाब में पानी भरवाने के लिए अजातशत्रु शुक्ला ने अपने दर्जनों साथियों के साथ मई माह में जिलाधिकारी को पानी भरवाने की शिकायत की थी। करीब एक माह गुजरने के बाद भी तालाब में पानी न भरने से एसडीएम और विकास खंड अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उप जिलाधिकारी और बीडीओ बिल्हौर 10 जून तक तालाब में पानी नहीं भरवाया तो वह साथियों संग तहसील परिवार में अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे।
बता दें कि अजातशत्रु शुक्ला बचकड़ा तालाब में पानी भरवाने के लिए बीते वर्ष भी हड़ताल पर बैठ चुके हैं। जिसका संज्ञान लेते हुए तत्काल तालाब में पानी भरवाया गया है। भाजपा कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुशील कटियार ने बताया कि लगातार ग्रामीणों द्वारा सूखे तालाबों की शिकायत कर रहे हैं, जल्द ही मामले को लेकर जिलाधिकारी संपर्क किया जाएगा, यदि शिकायत के बाद भी अफसर ध्यान नहीं दे रहे तो गंभीर विषय है।