इटावा के कृष्णापुरम शांति कालोनी में कानूनगो के घर के ताले तोड़कर चोर नगदी, जेवर समेत करीब 12 लाख का माल समेट ले गए। मकान मालिक बैंक मैनेजर के कमरे से भी नगदी और जेवर पार कर दिए। तहरीर देने के दूसरे दिन बुधवार को भी फ्रेंड्स कालोनी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
बकेवर क्षेत्र के जगमोहनपुर अहेरीपुर गांव निवासी उदय प्रताप सदर तहसील में कानूनगो हैं। वे कृष्णापुरम शांति कालोनी में अलीगढ़ में ग्रामीण बैंक के मैनेजर बृजेश यादव के मकान में रहते हैं। बृजेश अलीगढ़ में परिवार के साथ रहते हैं। पिता की तबीयत खराब होने पर उदय प्रताप रविवार को घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ गांव चले गए थे।
सोमवार शाम करीब 7:45 बजे घर लौटे तो ताले टूटे मिले। चोर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर चार अंगूठियां, चार सोने की चूड़ियां, एक ब्रेसलेट, दो सोने की जंजीर, एक हार, एक जोड़ी झाले, दो जोड़ी पायलें, एक सोने का ओम, दस चांदी के सिक्के, नौ नग हीरे, एक लाख 17 हजार रुपये और एक कैमरा चुरा ले गए।
बृजेश के कमरे से भी चोर एक जोड़ी पायल, दो अंगूठी, 12500 रुपये ले गए हैं। उदय प्रताप ने बताया कि चोर करीब 12 लाख का माल ले गए हैं। सूचना पर फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने जांच पड़ताल की। मंगलवार को उदय प्रताप और बृजेंद्र यादव की ओर से तहरीर दे दी गई थी, लेकिन पुलिस ने बुधवार को भी मुकदमा दर्ज नहीं किया।
उदय प्रताप और बृजेश यादव ने बताया कि पुलिस मुकदमा तक दर्ज नहीं कर रही है। थानाध्यक्ष अमित कुमार लखेरा ने बताया कि चौकी इंचार्ज छुट्टी पर गए हैं। उनके लौटते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।,