कानपुर देहात। जनपद में एक सप्ताह से लगातार गिर रहे कोरोना के ग्राफ में अचानक उछाल आ गया। दो दिन में 118 संक्रमित मिले हैं। बच्चे भी संक्रमण की चपेट में आए हैं। सामान्य लक्षण होने पर सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि बुधवार को अलग-अलग क्षेत्रों में 57 मामले आए थे। सभी में सामान्य लक्षण होने की वजह से होम आइसोलेट किया गया था। वहीं, गुरुवार को 61 मामले अकबरपुर कस्बा, रनिया, याकूबपुर, नबीपुर, कहिंजरी, रसूलाबाद कस्बा, झींझक और राजपुर सहित अन्य क्षेत्रों में मिले हैं। सभी को कोरोना किट दे दी गई है। जनपद में अब 192 एक्टिव केस हैं। गुरुवार को 39 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में पसार रहा पांव
राजपुर। ब्लॉक क्षेत्र में कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसारता जा रहा है। गुरुवार को आई सैंपल रिपोर्ट में राजपुर कस्बे में एक वृद्धा समेत चार मरीज मिले हैं। वहीं, भाल गांव के किसान, महमूदपुर में 10 वर्षीय बच्ची व उसकी मां संक्रमित मिली। सिकंदरा में 15 वर्षीय छात्रा समेत 12 लोग संक्रमित मिले। राजपुर पीएचसी प्रभारी डॉ. डीके सिंह ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में गुरुवार को 12 संक्रमित पाए गए हैं। गांवों में स्वास्थ्य टीमों को भेजकर मरीजों को दवा वितरित कराई गई है। साथ ही मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। जिन इलाकों में मरीज मिले हैं। उसे हॉटस्पॉट बनाया गया है।