बबेरू क्षेत्र के औगासी और चित्रकूट जनपद के मऊ गांव में उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा यमुना नदी पर बनवाए जा रहे पुलों की सुस्त रफ्तार का मुद्दा मंगलवार को संसद तक पहुंच गया।
बांदा-चित्रकूट के भाजपा सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने लोकसभा अध्यक्ष के माध्यम से सरकार का ध्यान इस पर आकृष्ट कराया। साथ ही दोनों पुलों का निर्माण तत्काल पूरा कराने की मांग की।
बांदा जनपद के बबेरू क्षेत्र में औगासी के पास यमुना नदी में कई वर्षों से पुल निर्माण का कार्य चल रहा है।
इस पुल से बांदा और फतेहपुर की सीमाएं जुड़ जाएंगी। बांदा से फतेहपुर, कानपुर, लखनऊ और इलाहाबाद आदि का एक और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध होगा, लेकिन कछुआ गति से चल रहे निर्माण से पुल का काम पूरा नहीं हो पा रहा है। इसी तरह चित्रकूट जनपद की मऊ में महिला घाट पर यमुना नदी पर पुल का निर्माण हो रहा है।
इसे भी उत्तर प्रदेश सेतु निगम बनवा रहा है। सांसद ने कहा कि दोनों ही पुलों का निर्माण बहुत धीमा है। यह काम वर्षों से लंबित हैं। इस समय बंद जैसे हैं। इन्हें शीघ्र पूरा कराया जाए।
बांदा, चित्रकूट के अधूरे पुलों का मुद्दा संसद में गूंजा
औगासी और मऊ में यमुना पर बन रहे हैं पुल
सेतु निगम की सुस्त रफ्तार पर सांसद ने की शिकायत