बिल्हौर(कानपुर)। बिल्हौर रेलवे स्टेशन पर एक दैनिक यात्रा की हालत बिगड़ गई। यात्री स्टेशन की बेंच पर लेटा रहा। उपचार के अभाव में दस्त होने के कारण हालत बिगड़ती चली गई। शाम चार बजे जब उसके साथी लौटे तो युवक को पड़ा देख सूचना परिजनों को दी। स्टेशन पहुंचे परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
बीबीपुर ग्राम प्रधान अमर कांती के पति सिपाही लाल कठेरिया ने बताया किगांव निवासी रजत पांडे उर्फ अंशू (22) कानपुर परेड स्थित एक आश्रम में नौकरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। घर की माली हालत ठीक न होने से कानपुर-बिल्हौर के बीच अप-डाउन करता था। शनिवार को अंशू रोज की तरह सुबह 7:30 बजे वाली ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर आया था। उसके पेट में तेज से दर्द होने लगा। वह स्टेशन पर बेंच पर लेट गया इसी दौरान ट्रेन आई और उसके साथी ट्रेन से कानपुर चले गए।
इधर, अंशू को बेहोशी की हालत में लगातार दस्त होने और उपचार न होने पाने से हालत बिगड़ती चली गई। उसके साथी शाम चार बजे वाली ट्रेन से घर लौटे तो बेेंच पर पड़ा देखा तो परिजनों को दी। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। सीएचसी डाक्टरों के मुताबिक पानी की कमी होने के कारण अंशू की मौत हुई है। बिल्हौर स्टेशन अधीक्षक राजकुमार के मुताबिक उन्हें और अन्य किसी रेलकर्मी को ऐसे की किसी युवक की जानकारी नहीं हुई। कई बार शराबी किस्म के लोग दिनभर बेंच पर लेटे रहते हैं।